सरायकेला: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) ने गुरुवार को खरसावां प्रखंड अंतर्गत रीडिंग पंचायत के डायरिया प्रभावित कुड़ियासाई टोला का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से भेंट कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्राम में संचालित हर घर नल जल योजना, शौचालय निर्माण, जल मीनार एवं अन्य पेयजल स्रोतों (कुआँ) का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने इन योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, दोषपूर्ण कार्यों को शीघ्र सुधारने एवं योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने अवगत कराया कि टोला के समीप निर्मित जलमीनार खराब है तथा महतो रीडिंग विद्यालय से कुड़ियासाई टोला तक की जर्जर सड़क के कारण वाहनों एवं एम्बुलेंस का आवागमन बाधित हो रहा है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जलमीनार को शीघ्र दुरुस्त किया जाए, दोषी संवेदक पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, टोला के सभी घरों में शौचालय निर्माण कार्य यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए तथा हर घर नल जल योजना के अंतर्गत प्रत्येक घर में जलापूर्ति सुचारु की जाए। साथ ही, प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर उक्त सड़क के पीसीसी निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करने एवं इसकी सूचना जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रभावित गांव के प्रत्येक घर के सभी सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की जाए तथा आवश्यक औषधि, ओआरएस पाउडर एवं अन्य चिकित्सीय सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 24×7 चिकित्सा दल एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु उपायुक्त ने जल के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में परीक्षण कराने तथा असुरक्षित स्रोतों के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपयोग, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी देने पर बल दिया।
निरीक्षण क्रम में उपायुक्त के साथ सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी खरसावां प्रधान मांझी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, एमओआईसी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।


