आदित्यपुर/जमशेदपुर : जन कल्याण मोर्चा और अधिवक्ता संघ आदित्यपुर के संयुक्त तत्वाधान में जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता ओमप्रकाश के नेतृत्व में शनिवार को आदित्यपुर स्थित आकाशवाणी चौक पर तीन सूत्री मांग को लेकर आयोजित महाधरना का व्यापक असर देखने को मिला। महाधरना देखते हुए आदित्यपुर नगर निगम के अवर आयुक्त रवि प्रकाश और जिंदल के महाप्रबंधक श्री चौबे अपने टीम के साथ महाधरना स्थल पर पहुंचे और तीन सूत्री मांगों का गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए दोनों पदाधिकारियों ने महाधरना में उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आदित्यपुर दो में सीतारामपुर डैम से 15 जुलाई तक जल आपूर्ति की जाएगी। जबकि सपरा वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से दिसंबर तक जल आपूर्ति करने का आश्वासन दिया। वहीं आदित्यपुर के जो मोहल्ले या कॉलोनी में अभी तक पाइपलाइन का कनेक्शन नहीं हुआ है उसे शीघ्र पूरा करने का भी आश्वासन दिया।

इस पर जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने भरोसा जताते हुए कहा कि पदाधिकारीगण के घोषणा के अनुसार आदित्यपुर दो में अगर 15 जुलाई तक जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो बाध्य होकर 19 जुलाई को जन कल्याण मोर्चा और आदित्यपुर अधिवक्ता संघ के संयुक्त तत्वाधान में बैठक आयोजित कर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

महाधरना में पार्षद राजरानी महतो, नीतू शर्मा, सुधीर चौधरी ,धनंजय गुप्ता और नथनी सिंह,डॉ लालमोहन महतो, शारदा देवी, देवांग चंद्र मुखी, सरयू पासवान, विमल सिंह, लिली दास, जवाहरलाल सिंह, डॉ मृत्युंजय सिंह, सुशील मंडल, वीरेंद्र कुमार यादव दीवाकर झा, एसके सोय, देव प्रकाश देवता, डीएन ओझा सहित सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद थे।


