गम्हरिया। सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति, छोटा गम्हरिया का दुर्गापूजा पंडाल निर्माण को लेकर रविवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। स्थानीय पंडित देबू मुखर्जी ने पवित्र मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद पूजा कमेटी के सदस्यों ने ध्वजारोहण कर पंडाल निर्माण की नींव रखी। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुसेन महतो ने बताया कि छोटा गम्हरिया में पिछले 49 वर्षों से लगातार दुर्गापूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पूजा की शुरुआत पूर्वी सिंहभूम के शहीद सांसद सुनील महतो के प्रयास से हुई थी। तब से यह आयोजन क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के आकर्षण को ध्यान में रखते हुए पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की लागत से काल्पनिक थीम पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। समिति के अनुसार पंडाल को आकर्षक और भव्य रूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है।इस अवसर पर मुख्य रूप से समिति के सचिव फुलकांत झा, कोषाध्यक्ष बाबू मिश्रा, ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो, अमृत महतो, मोनू झा, रवि कर्मकार, रिंकू ठाकुर, पिंटू सिंह, निर्मल महतो, माधव महतो, विकास कुमार शर्मा समेत समिति के सभी सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Trending Now


