सरायकेला :उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां के निर्देशानुसार और अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला–खरसावां क्षितिज विजय मिंज के निर्देश के आलोक में आज राजनगर थाना अंतर्गत मुराकाटी एवं जोजोगोडा ग्राम में अवैध महुआ शराब अड्डों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के क्रम में कुल 80.00 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त की गई। जबकि 1200 किलोग्राम जावा महुआ को नियमानुसार विनष्ट किया गया।
अवैध शराब अड्डा संचालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में अधीक्षक उत्पाद द्वारा बताया गया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार के प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगी।









