संवाददाता, आदित्यपुर।
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 17 में जल संकट को लेकर स्थानीय प्रभात नगर विकास समिति के बैनर तले लोग लगातार आंदोलन कर रहे हैं, वोट बहिष्कार की घोषणा के बाद शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर नगर निगम का घेराव किया।
ड्राई जोन में तब्दील हो रहे वार्ड संख्या 17 के लोग जल संकट दूर करने की मांग को लेकर बीते कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं ,प्रभात नगर विकास समिति का गठन कर वोट बहिष्कार रैली निकालने के बाद शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रामचंद्र पासवान एवं सानू सिंह के नेतृत्व में लोगों ने नगर निगम का घेराव प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के किसी अधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गाली गलौज करते हुए हाथ उठा दिया, जिससे प्रदर्शनकारी आक्रोशित होकर उस अधिकारी को पकड़ने के लिए दौड़े लेकिन आक्रोशित लोगों से खुद को बचाते हुए वह अधिकारी नगर निगम के अंदर भाग गया।
वहीं अधिकारी के पीछे पीछे आ रहे आक्रोशित जन समूह को निगम प्रशासन द्वारा कार्यालय के बाहर ही गेट बंद कर रोक दिया गया, जिससे मौजूद लोग और उग्र हो गए और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, गेट पर रोके जाने से कुछ युवकों ने निगम के उस अधिकारी को बाहर निकालने की मांग करते हुए जमकर गाली गलौज किया। नगर निगम प्रशासक और सहायक प्रशासक की गैर मौजूदगी में विरोध प्रदर्शन जारी रहा, बाद में प्रतिनिधि मंडल में शामिल रामचंद्र पासवान , संध्या प्रधान, सानू सिंह समेत अन्य की वार्ता निगम के अधिकारियों के साथ हुई जिसमें प्रशासक द्वारा मंगलवार को दोबारा वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है।
नगर निगम प्रशासन ने उपलब्ध कराया है वीडियो
नगर निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो में भी यह साफ सुना जा सकता है कि गाली गलौज करने वाले प्रदर्शनकारी ने गेट पर खड़े एक अन्य अधिकारी से यह भी कहा है कि नगर निगम का कोई भी अधिकारी कैसे किसी के ऊपर हाथ उठा सकता है आप उसे बाहर निकालिए।









