सरायकेला: गम्हरिया के चर्चित सोनू सरदार हत्याकांड मामले के मास्टरमाइंड बीरबल सरदार ने पुलिस के समक्ष मामले का खुलासा करते हुए कहा कि जमीन कारोबार में लेनदेन को लेकर हुए विवाद के कारण सोनू सरदार की हत्या हुई है। उक्त जानकारी सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन कर दी। उन्होंने बताया कि बीरबल सरदार के साथ एक अन्य सहयोगी रवि महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में इससे पूर्व पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस मामले के एक अन्य अभियुक्त लखी चरण नायक ने कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि बीरबल ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने और सोनू सरदार ने मिलकर एक जमीन की डील की थी। जमीन के पैसे वह नहीं दे रहा था। इसी वजह से उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में इस बात का भी खुलासा हुआ कि बीरबल क्षेत्र में अवैध धंधे संचालित करना चाह रहा था, जिसका सोनू सरदार विरोध कर रहे थे। उसके बाद बीरबल ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और बीते 13 दिसंबर की रात एक कार्यक्रम से लौटने के क्रम में सोनू सरदार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पूर्व में ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।बीरबल फरार चल रहा था उसकी गिरफ्तारी नीमडीह रेलवे स्टेशन से की गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल रवि महतो उर्फ कोका के पास से बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि कांड से जुड़े सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। सभी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। स्पीडी ट्रायल कर सभी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।









