आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बिहार राफिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड के 60 स्थायी मजदूरों को गुरुवार को आदित्यपुर स्थित एमआईजी दुर्गा पूजा मैदान के पास फाइनल सेटलमेंट का चेक प्रदान किया गया। कोल्हान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष और ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद ने मजदूरों को चेक सौंपा। चेक मिलने पर मजदूरों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के सकारात्मक पहल एवं अथक प्रयास से फाइनल सेटलमेंट का चेक मिला है। उन्होंने सभी मजदूरों को पैसे संभालकर ख़र्च करने की सलाह दी। साथ ही भविष्य के लिए सुरक्षित रखने और बच्चों के शिक्षा पर खर्च करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कोल्हान मजदूर यूनियन के सदस्यों का संघर्ष और एकजुट से मजदूरों का हक मिला। उन्होंने बताया की मामला एनसीएलटी में अब भी विचाराधीन है। कोल्हान मजदूर यूनियन ने मजदूरों को हक़ दिलाने के लिए 2 साल तक लंबी लड़ाई लड़ी गई। इसके बाद 60 मजदूरों को फाइनल सेटलमेंट की राशि मिली है। विदित हो कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज 3 में स्थित बिहार राफिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड और जमशेदपुर वेल्पक्ट इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सभी 60 स्थायी मजदूर फाइनल सेटलमेंट को लेकर आंदोलनरत थे।
मजदूरों के हक अधिकार के शोषण करनेवाले प्रबंधन के खिलाफ जोरदार होगा आंदोलन: अरविंद सिंह
यूनियन के अध्यक्ष पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की कई कंपनी प्रबंधन मजदूरों का शोषण कर रही है। इसकी शिकायत मजदूरों केे द्वारा लगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि घोड़ाबांधा चौक के पास स्थित भारत रबड़ कंपनी में मजदूरों का दोहन और शोषण हो रहा है, जिसके विरुद्ध यूनियन के बैनर तले आंदोलन किया गया और आगेे भी आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि बिहार राफिया कंपनी नवंबर 2022 में अचानक बंद हो गई थी। प्रबंधन ने 2 महीने का पेमेंट ले ऑफ के तहत दिया था, जिसके बाद से प्रबंधन हाथ खड़े कर दिए थे। मजदूर खाने को मोहताज हो गए थे। कंपनी बंद होने के बाद मजदूर हमारे कोल्हान मजदूर यूनियन के शरण में आये थे,जिसके बाद यूनियन के प्रयास से आज प्रबंधन ने करीब 60 मजदूरों को फाइनल सेटलमेंट की राशि दी है। चेक देने के लिए प्रबंधन ने अपना प्रतिनिधि श्वेत अग्रवाल को भेजा था। इस मौके पर यूनियन के नेता बसंत कुमार, कंपनी के मजदूर जानकी बेसरा, दुलारी उरांव, आरसू बेसरा आदि मौजूद थे।









