आदित्यपुर : गम्हरिया स्थित आरडी रबर रिक्लेम कंपनी में मजदूरों को बकाया वेतन नहीं मिलने और उनके साथ लगातार हो रहे शोषण के खिलाफ पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन मिलना शुरू हो गया है. रविवार को आदित्यपुर के जयप्रकाश उद्यान में आयोजित कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ में शामिल होने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने के लिए अरविंद सिंह की सराहना की. साथ ही उन्होंने मजदूरों को भरोसा दिलाया है कि इस आंदोलन में वे मजदूरों के साथ हैं.
मजदूरों ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग
कार्यक्रम के बाद आरडी रबर कंपनी के शोषित मजदूरों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपकर प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की . मजदूरों ने अपनी समस्याओं को व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें महीनों से वेतन नहीं मिला है और कंपनी द्वारा लगातार उनका शोषण किया जा रहा है.
पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में कोल्हान मजदूर यूनियन के आंदोलन
पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में कोल्हान मजदूर यूनियन इस मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन जारी हैं। यूनियन ने सत्ता पक्ष के नेताओं, सांसदों और विधायकों से भी मजदूरों के हक में आवाज उठाने की मांग की है. यूनियन की ओर से कई मजदूरों ने पूर्व मंत्री को ज्ञापन सौंपकर प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की.
पूर्व मंत्री ने प्रबंधन पर कार्रवाई करवाने का दिया भरोसा
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने मजदूरों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अरविंद सिंह की लड़ाई पूरी तरह मजदूरों के अधिकार के लिए है. वे हमेशा जनता की लड़ाई लड़ते आए हैं और इस बार भी मजदूरों को उनका हक जरूर मिलेगा. दोषी प्रबंधन पर कार्रवाई होगी .









