रांची : झारखंड राज्य के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो चुका है. घटना शनिवार देर रात की है. गिरिडीह में वो अपने आवास पर थे. बताया जा रहा है कि जब वो सोने गए तो अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया. जिसके बाद उन्हें जल्दबाजी में गिरिडीह के मरसी हॉस्पिटल (निजी अस्पताल) में एडमिट कराया गया. अस्पताल प्रबंधन की तरफ से काफी कोशिश की गयी. लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका. घटना के बाद पूरा गिरिडीह प्रशासन अस्पताल में मौजूद था. उनकी हालत इतनी बिगड़ चुकी थी कि उन्हें रांची तक नहीं लाया जा सका. सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में एक कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के प्रमुख नेता थे. वह वर्तमान में झारखंड विधानसभा में गिरिडीह सदर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे. उनके पास पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, नगर विकास विभाग और
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी थी. मंत्री सुद्धिव्य सोनू झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफी करीबी माने जाते थे. 2019 में वो पहली बार गिरिडीह सदर से विधायक बने. दूसरी बार 2024 में फिर से चुनाव जीतने के बाद वो मंत्री बने. हाल में झारखंड में हुए छात्र आंदोलन को खत्म करने में उनकी भूमिका काफी अहम रही. सरकार या अपने विभाग की बातों को वो जनता के सामने काफी पुरजोर तरीके से रखते थे. उनका जाना झारखंड के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है.
Trending Now


