गम्हरिय: सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने इंस्पेक्टर राजेश टुडू को गम्हरिया का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है. रविवार को एसपी की उपस्थिति में इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने गम्हरिया थाने के नए प्रभारी के रूप में औपचारिक रूप से योगदान दिया. पदभार ग्रहण करने के बाद नए थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा व विश्वास को पुनर्स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
विदित हो कि जिले के गम्हरिया थाना में घरेलू विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची एक असहाय महिला के साथ थाना परिसर के भीतर ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना के प्रकाश में आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने त्वरित व कड़ा रुख अपनाया है. एसपी ने कर्तव्यहीनता और घोर अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में तत्कालीन गम्हरिया थाना प्रभारी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून के रखवालों द्वारा किसी भी प्रकार का कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


