आदित्यपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी अंतर्गत आदित्यपुर नगर एवं गम्हरिया प्रखंड कमेटी गठन को लेकर शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित एसिया भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित की गई। इसमें अध्यक्ष और सचिव पद के लेकर गहमागहमी के बीच आदित्यपुर नगर एवं गम्हरिया प्रखंड के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। कार्यकर्ताओं ने समर्थकों के साथ जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, सरायकेला विधानसभा के प्रत्याशी रहे गणेश महाली, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, कृष्णा बास्के, कोकिल मंडल, गुरुचरण मुखी समेत अन्य नेताओं के बीच अपनी दावेदारी पेश की। कार्यकर्ताओं की दावेदारी की सूचीबद्ध कर केंद्रीय कमेटी को भेजा जाएगा, जिस पर केंद्रीय कमेटी की अंतिम मुहर लगेगी. बैठक में भूंडा बेसरा, बबलू प्रधान, मनोहर कर्मकार, वीरेंद्र गुप्ता, सचिन महतो, सनी सिंह जगदीश महतो, प्रदीप बारिक लालबाबू सरदार, नेटवर्क करुवा सहित बड़ी संख्या में आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस अवसर पर झामुमों नेता गणेश महाली ने सरायकेला के भाजपा विधायक सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन द्वारा 23 मार्च से संथाल में धर्मांतरण एवं बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे को लेकर आंदोलन छेड़े जाने के विषय पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन को पार्टी और पाला बदलने के बाद बांग्लादेशी घुसपैठी के मुद्दे नजर आ रहे हैं। इससे पूर्व जब वे राज्य के मुख्यमंत्री थे तो उनको बांग्लादेशी घुसपैठी नहीं दिख रहे थे। गणेश महाली ने कहा कि झारखंड में रहने वाले सभी लोग झारखंडी हैं। चाहे वह आदिवासी हो या मूलवासी हो।









