कोल्हान मजदूर यूनियन ने मनाया मजदूर दिवस, मजदूरों की समस्याओं पर हुई चर्चा,
मजदूरों ने पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में एकजुट होकर अपने अधिकार और शोषण के खिलाफ उलगुलान करने का लिया संकल्प
मजदूर संगठित होंगे तो उनका अधिकार कोई भी नहीं छिनेगा : पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह
गम्हरिया : मजदूर दिवस के अवसर पर कोल्हान मजदूर यूनियन की ओर से गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में मजदूर दिवस मनाया। इस अवसर पर यूनियन के संयोजक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह, डॉ. ओपी आनंद, कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे ,बीडीओ अभय द्विवेदी और बसंत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर मजदूरों की समस्याओं, उनके अधिकारों तथा शोषण के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मुख्य वक्ता अरविंद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी प्रदेश में आदिवासी महिला श्रमिक की शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, अंतिम दम तक उनके हक-अधिकार की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा है और उनका लगातार शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कंपनियां प्रबंधन अपनी मनमानी करते हुए मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित रख रहे हैं और उन्हें न्यूनतम मजदूरी तक नहीं देते हैं। कई मजदूर संगठन ऐसे है जो मजदूरों की आवाज उठाने में सक्षम नहीं हैं, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।अरविंद सिंह ने जोर देकर कहा कि मजदूरों को अपनी ताकत पहचानने की आवश्यकता है।

उन्होंने यूनियन को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरायकेला में कई कंपनियां आज बंद हो चुकी हैं, इसके लिए सरकार की नीतियां दोषी है। उनका मानना था कि यदि सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा करती, तो इन कंपनियों की स्थिति बेहतर होती और मजदूरों को उनके अधिकार मिलते। उन्होंने कहा कि यदि मजदूर संगठित हों तो वे अपने अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष कर सकते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि इन बुनियादी सुविधाओं से मजदूरों को वंचित रखना गंभीर चिंता का विषय है। वही बीडीओ अभय द्विवेदी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी मजदूरों की समस्याओं पर प्रकाश डाला और कहा कि उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। इस अवसर पर पीएफ, वेतन विसंगति, कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) और मजदूरों के वेतन विसंगति से जुड़ी समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम में आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के मजदूर बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ़ मलखान सिंह के नेतृत्व में घोड़ा बाबा मंदिर परिसर से गम्हरिया ब्लॉक तक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी भी शामिल हुए।

गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मजदूर हित में आंदोलन करने का संकल्प लिया गया। विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि आज मजदूर दिवस है और कोल्हान क्षेत्र मजदूरों का है। मजदूरों के हक और अधिकार के लिए हमेशा से संघर्ष होता आया है जो आज भी जारी है।









