सरायकेला : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जलाशयों और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में आज जिला दण्डाधिकारी -सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह द्वारा चांडिल डैम का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डैम के वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली तथा खुले गेटों की स्थिति एवं आसपास के क्षेत्रों में संभावित प्रभाव का जायजा लिया।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता अनुसार गेट खोलने की प्रक्रिया नियमानुसार एवं समन्वय के साथ संचालित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में अचानक जलप्रवाह से जन-धन की हानि न हो।इसके साथ ही उपायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिया कि प्रभावित अथवा संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के सभी आवश्यक प्रबंध यथाशीघ्र सुनिश्चित किए जाएं। इनमें सुरक्षित स्थानों पर लोगों का विस्थापन, पेयजल, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता शामिल हो।जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से स्थिति की निगरानी कर रहा है एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु पूर्णतः तैयार है। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त के साथ अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी चांडिल अमित कुमार,प्रखंड विकास पदाधिकारी चांडिल तलेस्वर रविदास, तथा संबंधित थाना प्रभारी एवं उपस्थित थे।


