गम्हरिया : झारखंड मुक्ति मोर्चा सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी के अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड कमेटी गठन को लेकर शुक्रवार को शहनाई भवन, गम्हरिया में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें गम्हरिया प्रखंड कमेटी के गठन को लेकर कई कार्यकर्ताओं ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। कार्यकर्ताओं ने समर्थकों के साथ अपनी उम्मीदवारी को लेकर जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो, सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, कृष्ण बास्के समेत अन्य नेताओं के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं की दावेदारी को सूचीबद्ध कर केंद्रीय कमेटी को भेजा जाएगा जहां से अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे ।जिन्होंने अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई।

झामुमो नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रखंड स्तर पर मजबूत संगठन निर्माण पार्टी के विस्तार के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस सम्मेलन से गम्हरिया प्रखंड में झामुमो की संगठनात्मक मजबूती और एकजुटता को बल मिला है, जिससे आगामी राजनीतिक रणनीति को दिशा मिलेगी। सम्मेलन में सुधीर महतो, अमृत महतो, उदय माडी, भमरा मांझी, कोकिल मंडल, बबलू प्रधान, जगदीश महतो, मंगल मांझी, शंभू मुखी सहित काफी सख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।









