सरायकेला : झारखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बुधवार को सरायकेला स्थित टाउन हॉल में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि झारखंड सशस्त्र बल के डीआईजी कार्तिक एस. ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

इस अवसर पर डीआईजी कार्तिक एस. ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की खाई को पाटते हुए लोगों को न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिलाना है. उन्होंने कहा कि पुलिस दिन-रात जनता की सेवा में तत्पर रहती है, लेकिन कई बार जनता अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को नहीं पहचान पाती. यह कार्यक्रम इस समस्या का समाधान करने का प्रयास है.डीआईजी ने पिछले कार्यक्रमों में जिला पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की और भविष्य में और अधिक प्रभावी परिणाम लाने के निर्देश दिए. डीआईजी कार्तिक एस. ने बताया कि इससे पहले 20 सितंबर 2024 और 18 दिसंबर 2024 को आयोजित कार्यक्रमों में क्रमशः 81 और 61 आवेदन प्राप्त हुए थे. इन सभी आवेदनों का विधि-सम्मत समाधान कर आवेदकों को सूचित किया गया. उन्होंने कहा कि यह पहल जनता के चेहरों पर मुस्कान लाने और न्याय प्रणाली में विश्वास बढ़ाने का एक माध्यम है.

कार्यक्रम में कुल 56 मामले आए
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि अब तक प्राप्त 56 शिकायतों पर संबंधित थाना प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

सबसे अधिक शिकायतें सरायकेला थाना क्षेत्र से आईं. उन्होंने यह भी कहा कि लोग इस कार्यक्रम के माध्यम से मौखिक सुझाव भी दे सकते हैं. उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों का कार्यक्रम में अपना-अपना स्टॉल लगा गया था, जहां लोगों की शिकायतें दर्ज की गईं और त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई.
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों एसडीओ सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार सिन्हा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जिले के सभी थानेदार उपस्थित थे।









