आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम वार्ड संख्या 18 के प्रत्याशी, पूर्व विधायक अरविंद सिंह (मालखान सिंह) के भतीजे और दिवंगत समाजसेवी प्रवीण सिंह के पुत्र अंकुर सिंह ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऑस्ट्रेलिया से MBA की डिग्री हासिल करने वाले अंकुर ने कॉर्पोरेट करियर के बजाय जनसेवा को चुनकर चुनावी मैदान में उतरे हैं।

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को अंकुर सिंह ने अपने समर्थकों के साथ वार्ड क्षेत्र में एक विशाल रैली निकाली। ढोल-नगाड़ों की थाप और गगनभेदी नारों के बीच हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुषों ने जनसंपर्क में हिस्सा लिया। शक्ति प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जो स्पष्ट रूप से क्षेत्र में परिवर्तन के संकेत दे रहा है।

अंकुर सिंह ने जनसंपर्क के दौरान कहा कि उनकी प्राथमिकता वार्ड में जर्जर सड़कों, पेयजल संकट और जलजमाव जैसी मूलभूत समस्याओं को दूर करना है। राजनीतिक विरासत और सादगी के अनूठे मेल के कारण उन्हें स्थानीय जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। वार्ड 18 की जनता अब मतदान के जरिए अंकुर सिंह के ‘विजन’ और ‘विरासत’ पर अपनी मोहर लगाने को तैयार है।


