आदित्यपुर: जमशेदपुर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष एके श्रीवास्तव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जमशेदपुर में अप्रैल माह में ही तापमान 42 डिग्री के आसपास पहुँच रहा है, जिससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि जून में गर्मी और भी विकराल रूप ले सकती है। ऐसी स्थिति में सबसे अधिक कठिनाई उन लोगों को होती है जो दिनभर सड़कों पर कार्य करते हैं या किसी आवश्यक कारणवश धूप में निकलते हैं।उनके लिए मुख्य मार्गों पर ठेले के माध्यम से घड़े में ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी सेवाभावी संस्थाओं—जैसे रोटरी क्लब, लायंस क्लब, मारवाड़ी युवा मंच, जैन समाज, गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, तथा अन्य विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से विनम्र निवेदन है कि वे स्वयं भी आगे बढ़कर इस पुनीत कार्य में भाग लें। साथ ही, आदित्यपुर, मानगो एवं जुगसलाई नगर पालिकाओं से भी आग्रह है कि वे अपने स्तर से मुख्य मार्गों पर ठेले के माध्यम से घड़े में ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह छोटा सा प्रयास न केवल लोगों को राहत देगा, बल्कि मानव सेवा के माध्यम से पुण्य का कार्य भी होगा।


