गम्हरिया: कोल्हान मजदूर यूनियन एवं टायो मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और उनके हक-अधिकार के प्रति जागरूकता को लेकर मानव श्रृंखला एवं जनसभा का आयोजन किया गया। मानव श्रृंखला गम्हरिया चौक स्थित घोड़ा बाबा मंदिर से टायो रोल्स लिमिटेड के मुख्य द्वार तक बनाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मजदूरों ने हाथों में अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम के पश्चात घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के अध्यक्ष और ईचागढ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ़ मलखान सिंह नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में मजदूरों के सामने रोजगार, न्यूनतम वेतन, पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, बोनस, कार्य अवधि तथा अन्य श्रम अधिकारों से जुड़े अनेक सवाल खड़े हैं। मजदूरों को अपने संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में कई स्थानों पर मजदूरों से 12 घंटे तक काम लेने, ठेका व्यवस्था के माध्यम से रोजगार कराने तथा श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सुविधाओं में कटौती जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। मजदूरों के लिए निर्धारित लंच पीरियड, रेस्ट रूम, कैंटीन, पेयजल, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की गई।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं—सड़क, बिजली, पानी एवं परिवहन—की स्थिति में भी सुधार की आवश्यकता है। दूर-दराज से आने वाले मजदूरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और उनकी आय का एक बड़ा हिस्सा आने-जाने में खर्च हो जाता है। इसलिए मजदूरों के लिए उचित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में श्रम विभाग का एक कैंप कार्यालय स्थापित करने की भी मांग की, ताकि मजदूरों को अपनी शिकायतों और श्रम कानूनों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार दूर नहीं जाना पड़े।
उन्होंने कारखाना प्रबंधन एवं उद्योग मालिकों से अपील करते हुए कहा कि उद्योगों की सफलता में मजदूरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए मजदूरों की समस्याओं का समाधान प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए। वक्ताओं ने प्रबंधन से मजदूरों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने तथा श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सभा में एनसीएलटी एवं औद्योगिक कंपनियों से जुड़े मामलों में मजदूरों के हितों और उनके वैधानिक अधिकारों की अनदेखी नहीं करने की मांग भी उठाई गई। उन्होंने कहा कि किसी भी औद्योगिक विवाद या कंपनी संबंधी प्रक्रिया में मजदूरों के रोजगार, बकाया वेतन, पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी एवं अन्य वैधानिक देनदारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

कार्यक्रम को मजदूर नेता शशि मिश्रा, केशव मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, अजय शर्मा हनी सिंह मुंडा, भगवान सिंह, रामू मुर्म सहित विभिन्न मजदूर संगठनों एवं यूनियन से जुड़े प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। मंच का संचालन कुमार बसंत एवं धन्यवाद ज्ञापन जवाहर महाली ने किया।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि आज का कार्यक्रम शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से मजदूरों की समस्याओं को सामने रखने की एक पहल है। भविष्य में भी मजदूरों के अधिकारों एवं औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए कानूनी एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से आंदोलन जारी रखा जाएगा।


