गम्हरिय/ सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में रक्षक ही भक्षक बन गया। घरेलू विवाद की फरियाद लेकर थाने पहुंची एक असहाय महिला के साथ थाना में दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने यह आरोप गम्हरिया थाना में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज एक्का पर लगाई है। पीड़िता के शिकायत के अनुसार पुलिस ने आरोपी वायरलेस ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। वहीं, पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी को निलंबित किया गया है। इधर, कुकृत्य पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने सख्त रुख अपनाते हुए गम्हरिया थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ दल-बल के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के उद्देश्य से घटनास्थल वाले कमरे को तत्काल सील कर सुरक्षित करवा दिया। कार्रवाई के तहत थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह, हवलदार मुनेश्वर कुमार और आरक्षी संतोष राय को लापरवाही व कर्तव्यहीनता के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है।

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए गहन अनुसंधान जारी है और मामले में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता गुरुवार को पारिवारिक कलह से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची थी। पीड़िता का आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी ( वायरलेस ऑपरेटर) नीरज लकड़ा ने मर्यादा को तार-तार करते हुए थाने के ही एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

इधर, इस घटना को लेकर जेएलकेएम के नेता प्रेम मार्डी के नेतृत्व में थाना पहुंचे जेएलकेएम के कार्यकर्ताओं ने आरोपी वायरलेस ऑपरेटर और लापरवाह पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।


