Thursday, May 14, 2026
No menu items!
Homeखास खबरईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के पहल पर...

ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के पहल पर शाह स्पॉन्ज आयरन लिमिटेड के कर्मचारी स्वं राजेंद्र कुमार उपाध्याय की पत्नी को मिला 17.50 लाख का मुआवजा

हाता :  ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के पहल पर शाह स्पॉन्ज आयरन लिमिटेड,हाता के कर्मचारी स्वं राजेंद्र कुमार उपाध्याय की पत्नी आशा देवी को  17.50 लाख का मुआवजा मिला। पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने आदित्यपुर स्थित अपने आवास पर रविवार को आशा देवी को 17.50 लाख रुपए का चेक सौंपा। विदित कि हाता स्थित शाह स्पॉन्ज आयरन लिमिटेड में कार्यरत कर्मचारी राजेंद्र कुमार उपाध्याय की एक दर्दनाक औद्योगिक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जानकारी के अनुसार दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को कंपनी परिसर के भीतर कार्य के दौरान आग से झुलसने की घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनका लगभग 68 प्रतिशत शरीर जल गया था। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), बीसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहाँ कई दिनों तक इलाज चलने के बाद 18 अक्टूबर 2025 को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनके पति ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो बच्चे वर्तमान में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में अध्ययनरत हैं। पति की मृत्यु के बाद परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया। मृत्यु के पश्चात आशा देवी द्वारा कंपनी प्रबंधन से मुआवजे को लेकर लगातार संवाद किया गया था, किंतु प्रारंभ में कंपनी प्रबंधन द्वारा केवल ₹3,00,000 की राशि देने की बात कही गई थी, जो परिवार की भविष्य की आवश्यकताओं के लिए अपर्याप्त थी। इस संबंध में कंपनी के एक अधिकारी श्री झा द्वारा मुआवजे की राशि बढ़ाने से इनकार किया गया था। इसके बाद आशा देवी ने ईचागढ़ के पूर्व विधायक  अरविंद सिंह से सहयोग की अपील की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने श्रमिक संघ के सहयोग से कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन से कई दौर की बातचीत की और मृत कर्मचारी के परिवार को न्यायोचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। लगातार प्रयास, दबाव और मानवीय दृष्टिकोण के चलते अंततः कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिवार को कुल ₹17,50,000 (सत्रह लाख पचास हजार रुपये) का मुआवजा देने पर सहमति जताई, जिसका चेक विधवा आशा देवी को  पूर्व विधायक अरविंद सिंह द्वारा दिनांक 01/02/2026 को सौंपा गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पूर्व विधायक अरविंद सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक संवेदनशील और मानवीय जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का कार्य किया है। आशा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि इस कठिन समय में अरविंद सिंह का सहयोग उनके परिवार के लिए संबल बना है। इस मौके पर जगदीश नारायण चौबे और बसंत कुमार उपस्थित थे।

spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

ABOUT EDITOR IN CHIEF

Lb Shastri
मुख्य संपादक सह प्रोपराइटर पूर्व पत्रकार, प्रभात खबर और दैनिक भास्कर, जमशेदपुर

Most Popular

Recent Comments