आदित्यपुर/ गम्हरिया:
आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के निर्देशानुसार आज संध्या उत्पाद विभाग एवं गम्हरिया थाना की संयुक्त टीम द्वारा छोटा गम्हरिया एवं ऊषा मार्टिन क्षेत्र में शराब की अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे स्थित होटल एवं खाद्य स्टॉल संचालकों को अनावश्यक जमावड़ा को बढ़ावा नहीं देने तथा प्रतिष्ठानों के आसपास शराब का सेवन एवं अड्डेबाजी नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। सार्वजनिक स्थलों एवं मैदानों में शराब का सेवन कर रहे लोगों को वहां से हटाया गया। इसके अतिरिक्त आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केडिया लाल बिल्डिंग एवं बिको मोड़ क्षेत्र में भी गश्ती कर स्थिति का जायजा लिया गया।

शराब की अड्डेबाजी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, नियमित रूप से चलेगा अभियान:
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सार्वजनिक स्थलों, होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के आसपास शराब की अड्डेबाजी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अड्डेबाजी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ऐसे स्थलों पर नियमित निगरानी एवं अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त ने आमजनों से दुर्गा पूजा के दौरान शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था के संधारण में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शराब की अड्डेबाजी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस पदाधिकारियों को दें।


