आदित्यपुर : आदित्यपुर के जय प्रकाश उद्यान में झारखंड सरकार में राजद कोटे के श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं उद्योग मंत्री संजय यादव और बिहार की राजद की स्टार प्रचारक सीमा कुशवाहा का अभिनंदन समारोह ऐतिहासिक रहा. अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री संजय यादव ने कहा कि इस अभिनंदन समारोह में उपस्थित होकर मुझे सुखद अनुभव हो रहा है. अपने संबोधन में उन्होंने शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि भी दी और ईसाई समुदाय के लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं भी दी.

उन्होंने कहा कि भाजपा का चाल चरित्र चेहरा उजागर होता रहा है. जब भी कोई गरीब का बच्चा आगे बढ़ने लगता है तो उस पर झूठा आरोप लगाकर जेल में डालने का काम किया जाता है. इसका मैं भी भुक्तभोगी हूं. हमारी पार्टी गरीब शोषित के लिए संघर्ष के लिए जाना जाता है. मैं लालूजी का शिष्य हूं कभी बीजेपी को पसंद नहीं करूंगा. मैं जात का नहीं जमात की राजनीति करता हूं. यही वजह है कि मैं गोड्डा से तीसरी बार जीता हूं. मैं सदैव गरीबों दलितों के लिए कार्य करूंगा यह मेरा वादा है. मैं लालू यादव, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन, शिबू सोरेन, राहुल गांघी और सोनिया गांधी के सिद्धांतों का आदर करता हूं. झारखंड में आज गरीबों का राज है, इसलिए मुख्यमंत्री के पीछे ईडी और सीबीआई लगी है. कल्पना सोरेन देवी दुर्गा का स्वरूप है जिसके कहने पर राज्य की मां बहनों ने महागठबंधन को गद्दी पर बिठाया. आज केंद्र सरकार 1 लाख 36 हजार करोड़ बाकी नहीं दे रही है जिसके लिए सरकार कानून का सहारा लेगी. रॉयल्टी अवश्य लेंगे. मेरा फोकस राज्य के मजदूर, किसान भाई हैं जिसके लिए मैं अच्छी योजना बनाऊंगा यह मेरा वादा है. जो जिम्मेदारी मुझे दी गई है उसका अक्षरसः निर्वहन करूंगा. सबों को हक़ दिलाऊंगा. मुझे कुछ नहीं चाहिए मैं डेढ़ सौ बीघा जमीन पर खेती करने वाला किसान हूं. इनकी दर्द समझता हूं. मैं नई उद्योग नीति बनाने जा रहा हूं यहां विदेशी उद्यमी आएंगे, लोगों को रोजगार मिलेगा।














