सरायकेला : सरायकेला- खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देशानुसार आदित्यपुर पुलिस ने आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती में सोमवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाकर तीन तस्करों को करीब 40 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया और तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

उक्त जानकारी देते हुए सरायकेला खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने 207.91 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन जब्त किया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान शाहबाज खान (19 वर्ष, एच रोड मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर), मोहम्मद समौर उर्फ मोहम्मद आमान (19 वर्ष, दुर्ग, छत्तीसगढ़) और रफीकुल इस्लाम (50 वर्ष, लालगोला, पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई । उन्होंने बताया कि अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने किया। थाना प्रभारी विनोद तिर्की के साथ गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी शाहबाज खान के खिलाफ आदित्यपुर थाना में पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराएं शामिल हैं। छापेमारी दल में एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, थाना प्रभारी विनोद तिर्की, एएसआई विनोद टुडू, एएसआई सुरेश राम, एएसआई रामरेखा पासवान, एएसआई कौशल कुमार, एएसआई सुषमा कुजूर और महिला पुलिस बल शामिल थे।









