जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति – डॉ शिवचंद्र झा, एनएसएस समन्वयक
घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय घाटशिला की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में 3 नवम्बर 2025 को विश्वविद्यालय द्वारा अंगीकृत कीताडीह गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान में सोना देवी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थी तथा सहायक प्राध्यापक शामिल हुए. इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढाना है. ग्रामीण मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक करने तथा मतदान प्रतिशत बढाने के लिए सोना देवी विश्वविद्यालय की एनएसएस ईकाई द्वारा यह सराहनीय कार्य किया गया. इस मतदाता जागरूकता अभियान का नेतृत्व एनएसएस ईकाई की नोडल ऑफिसर पतत्रि माली तथा समन्वयक डॉ शिवचन्द्र झा ने किया. विद्यार्थियों ने कीताडीह गांव में उत्साह के साथ रैली निकाली और मतदाता जागरूकता से संबंधित कई नारा लगाकर मतदाताओं का ध्यान आकृष्ट किया. घर घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित किया और उन्हें समय पर मतदान केंद्र जाकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया.

एनएसएस की नोडल पदाधिकारी पतत्रि माली ने कीताडीह गांव में महिला मतदाताओं से उनके मताधिकार के संबंध में बात की और उन्हें सपरिवार मतदान करने के लिए प्रेरित किया ताकि घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मतदान प्रतिशत बढाया जा सके. इस अवसर पर डॉ. शिवचन्द्र झा ने मतदाताओं से कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं यह हर नागरिक का कर्तव्य है. जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति है. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आस-पास के लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें और इस चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ. डॉ. शिवचन्द झा ने आगे कहा कि युवा वर्ग ही राष्ट्र निर्माण की वास्तविक शक्ति है. कुलसचिव डॉ गुलाब सिंह आजाद ने विश्वविद्यालय परिसर से छात्र छात्राओं को मतदाता जागरूकता रैली के आयोजन के लिए शुभकामनाएं देकर रवाना किया. जैसा कि आपको ज्ञात है कि घाटशिला विधानसभा सीट के लिए दिनांक 11 नवंबर को उपचुनाव होना है और मतों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी. इस विधानसभा उपचुनाव में 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. यह सीट तत्कालीन विधायक रामदास सोरेन के असामयिक निधन से रिक्त हुआ है.









