आदित्यपुरः प्रवीण सिंह सेवा संस्थान की ओर से एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान परिसर में सोमवार को भव्य दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधिसम्मत भूमि पूजन किया गया। वर्ष 1980 से निरंतर चली आ रही इस परंपरा को बनाये रखते हुए संस्थान इस बार भी क्षेत्रवासियों के लिये विशेष आकर्षण वाला पंडाल तैयार कर रहा है।

‘पुरानी काल्पनिक हवेली’ थीम पर बन रहा पंडाल
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद संस्थान के संरक्षक व पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि इस वर्ष पंडाल की थीम ‘पुरानी काल्पनिक हवेली’ रखी गई है। उन्होंने बताया कि पंडाल का बाहरी तथा आंतरिक स्वरूप हल्के काले रंग और मंदिर शैली के मिश्रण में प्रस्तुत किया जाएगा। पंडाल की दीवारों पर मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक कलाकृतियाँ व मूर्तियां उकेरी जाएंगी। निर्माण तथा प्रकाश सज्जा के लिए कोलकाता के प्रसिद्ध कारीगरों की सेवाएँ ली जा रही हैं।
कारीगर दिन-रात जुटे, महालया तक काम पूरा होगा
मां पार्वती डेकोरेटर्स के संचालक अशोक कुमार डे (पूर्व मेदनीपुर) ने बताया कि लगभग 60 से 70 फीट ऊँची इस भव्य पंडाल के निर्माण की अनुमानित लागत 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल करीब 40 कारीगर दिन-रात काम में लगे हुए हैं और महालया तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
धार्मिक समारोह के साथ सामाजिक संदेश भी
पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि पूजा-अर्चना के साथ-साथ इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का भी प्रसार किया जाएगा। पंडाल परिसर में स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वॉल राइटिंग किया जाएगा।
कार्यक्रम में यश कुमार सिंह, बीरेंद्र सिंह, शंकर सिंह, शशि शेखर, भगवान सिंह, जवाहर लाल सिंह, उमेश सिंह, संजय सिंह, इन्द्रजीत पांडेय, धनंजय कुमार, सुनील गुप्ता, अनुराग सिंह और जगदीश नारायण चौबे सहित अन्य पदाधिकारियों एवं नागरिक भी मौजूद थे।


