सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के टिउनिया गांव में शुक्रवार को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना की मिसाल देखने को मिली। अपने स्वर्गीय पिता रोसो राज लोहार की पहली पुण्यतिथि पर सागर लोहार अपने पैतृक गांव पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चित्र पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया.
पुण्यतिथि के अवसर को उन्होंने महज रस्म तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे सेवा और जनसरोकार से जोड़ते हुए गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया। सागर लोहार ने जरूरतमंदों के बीच चावल, आलू, तेल समेत अन्य आवश्यक सामग्री बांटी। इस दौरान उन्होंने गांव के बुजुर्गों और वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके प्रति सम्मान प्रकट किया.
इस मौके पर सागर लोहार ने कहा कि पिता की पहली पुण्यतिथि पर पैतृक गांव पहुंचकर पूजा-पाठ करने और उनकी स्मृति में जरूरतमंदों की सेवा करने का अवसर मिला। अपनी सामर्थ्य के अनुसार गरीब परिवारों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया है, उन्होंने कहा कि जनसेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अब गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने सामाजिक सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाकर समाजहित में लगातार काम करने का संकल्प दोहराया.

पिता की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि के साथ जरूरतमंदों की सेवा का यह प्रयास सागर लोहार ने अपने पिता रोसो राज लोहार की स्मृति को समर्पित किया। गांव में आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धांजलि को सेवा और संवेदना से जोड़ते हुए एक सामाजिक संदेश भी दिया.


