उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न।
सरायकेला-खरसावाँ, 26 अक्टूबर 2026 : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयवार एवं प्रखंडवार शैक्षणिक प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण, विद्यालयों के आधारभूत संरचना, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं के संचालन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपार आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। किसी कारणवश छूटे हुए बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड एवं बैंक खाता बनवाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार वेतन निकासी पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना किसी वैध कारण के विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले, अनधिकृत रूप से अवकाश पर रहने वाले अथवा लंबे समय से विद्यालय नहीं आने वाले शिक्षकों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पारा शिक्षकों के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की सूचना सक्षम प्राधिकार को उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। गंभीर मामलों में स्पष्टीकरण एवं निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई के लिए नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और कक्षाओं का सुचारू संचालन विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य से सीधे जुड़ा है। इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक एवं जिम्मेदार पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिले के ऐसे विद्यालय, जहां केवल एक शिक्षक कार्यरत हैं अथवा विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में शिक्षकों की आवश्यकता है, उनकी सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। संबंधित विद्यालयों में शिक्षकों की आवश्यकता का आकलन करते हुए आवश्यकतानुसार शिक्षक प्रतिनियोजन के लिए अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और सभी कक्षाओं का नियमित संचालन किया जा सके।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कम उपस्थिति वाले विद्यालयों में सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। मध्याह्न भोजन, पोशाक सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों को समय पर उपलब्ध कराने तथा इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यालयों में नियमित गुरु गोष्ठी आयोजित कर शिक्षकों के बीच शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की प्रगति एवं विद्यालय स्तर की समस्याओं पर चर्चा करने तथा उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी सीआरपी को विद्यालयों के आधारभूत संरचना के भौतिक सत्यापन से संबंधित लंबित कार्यों को आगामी दो से तीन दिनों के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। विद्यालयों में बिजली, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कमियों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही सभी विद्यालयों में निर्धारित रोस्टर के अनुरूप नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित कराने तथा संबंधित एमओआईसी के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों में निर्धारित पाठ्यक्रम को तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों की विषयवार समझ, सीखने की क्षमता एवं परीक्षा परिणाम में सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। विभिन्न शैक्षणिक सूचकांकों एवं परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा उसके अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय एवं अन्य प्रयोगशालाओं के नियमित संचालन का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि इन संसाधनों का लाभ सभी विद्यार्थियों को समान रूप से मिलना चाहिए। जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास अथवा अन्य शैक्षणिक उपकरण खराब होने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां संबंधित एजेंसी एवं विभागीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उपकरणों की मरम्मत शीघ्र सुनिश्चित की जाए। सभी विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए डिजिटल एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।
बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा, व्यवहारिक ज्ञान तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। कक्षाओं में दीवार लेखन एवं शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग करने के साथ विद्यार्थियों को स्वच्छता, अनुशासन, आपसी सहयोग एवं नैतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। शिक्षकों को बच्चों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने, विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने तथा सकारात्मक एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
किशोरियों को किशोरी समृद्धि योजना सहित अन्य पात्रता आधारित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए संबंधित बीडीओ एवं सीडीपीओ के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा से संबंधित योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक उनका लाभ पहुंचे और विद्यालयों में पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, पाठ्यक्रम का समय पर समापन, आधारभूत सुविधाओं का रखरखाव तथा सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सभी संबंधित पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी एवं सीआरपी को नियमित क्षेत्र भ्रमण, विद्यालयों का प्रभावी अनुश्रवण तथा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार सहित सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


