झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह माननीय विधायक श्री सुरेश पासवान की अध्यक्षता में परिसदन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित।
सरायकेला: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह माननीय विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में आज सरायकेला-खरसावाँ परिसदन सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक से पहले उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी द्वारा सभापति को पुष्पगुच्छ भेंट कर जिले में आगमन पर स्वागत किया गया।

बैठक में झारखंड विधानसभा में माननीय सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के क्रियान्वयन एवं अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रश्नों, उनके निष्पादन की वर्तमान स्थिति तथा संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की गई।
समीक्षा के क्रम में सभापति महोदय ने निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए उनसे संबंधित जनहित के मामलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को लंबित प्रश्नों की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन करने तथा अनुपालन प्रतिवेदन में की गई कार्रवाई एवं वर्तमान स्थिति की स्पष्ट और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले प्रश्न आमजनों की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए इनसे संबंधित मामलों के निष्पादन में विभागीय पदाधिकारियों की जवाबदेही एवं संवेदनशीलता आवश्यक है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा अनुपालन की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित विधानसभा प्रश्नों के अनुपालन एवं की गई कार्रवाई की वर्तमान स्थिति से समिति को अवगत कराया गया। विभागवार समीक्षा के उपरांत सभापति महोदय द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही विधानसभा में दिए गए आश्वासनों एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


