चांडिल : प्रशासन ने सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह अंचल में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार की सुबह गश्ती के दौरान आदरडीह स्थित एसएम स्टील परिसर के समीप बालू लदे छह हाईवा जब्त किए। जबकि वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। जब्त वाहनों में BR08G-5632, CG12S-6101, JH16A-9226, JH02AE-2434, JH01AX-4189 और JH02AK-2631 नंबर के हाईवा शामिल हैं। एक साथ छह हाईवा पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध बालू कारोबार और इसके नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। साथ ही इस मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

अंचल अधिकारी अभय द्विवेदी के कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार 25 अक्टूबर की सुबह करीब 8:23 बजे गश्ती के क्रम में आदरडीह स्थित एसएम स्टील परिसर के पास छह हाईवा बालू लदे पाए गए। वाहनों में मौजूद बालू के परिवहन से संबंधित वैध कागजात की जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं होने तथा चालकों के मौके से फरार हो जाने के बाद प्रशासन ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया।
चालक हाईवा छोड़ हुए फरार, सभी वाहन नीमडीह थाना में जब्त :
कार्रवाई के दौरान छहों हाईवा के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद जब्त हाईवा को एसएम स्टील के सुरक्षा गार्ड के माध्यम से नीमडीह थाना प्रभारी के सुपुर्द किया गया। पूरे मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को भी दी गई है, ताकि खनन एवं परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा सके। कार्रवाई के बाद सबसे महत्वपूर्ण सवाल बालू के स्रोत और गंतव्य को लेकर है। इतनी बड़ी संख्या में एक ही स्थान के आसपास बालू लदे हाईवा मिलने से यह जांच महत्वपूर्ण हो गई है कि बालू किस घाट अथवा क्षेत्र से उठाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।यह भी जांच का विषय है कि वाहनों के मालिक कौन हैं, परिवहन के लिए वैध चालान या अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे या नहीं और सभी वाहन एक ही कारोबारी नेटवर्क से जुड़े हैं अथवा अलग- अलग लोगों के हैं।
चालकों का एक साथ फरार होना खड़े कर रहे हैं कई सवाल :
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान सभी छह वाहनों के चालकों का मौके से फरार होना भी कई सवाल खड़े कर रहे है।संबंधित विभाग को अब वाहन नंबरों के आधार पर मालिकों की पहचान करने के साथ चालकों और बालू के स्रोत तक पहुंचना होगा जांच से ही स्पष्ट होगा कि इसके पीछे संगठित अवैध परिवहन का नेटवर्क है या मामला अलग-अलग वाहनों तक सीमित है। नीमडीह और आसपास के क्षेत्रों में अवैध बालू के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए केवल वाहन जब्त करना ही नहीं, बल्कि बालू के स्रोत, वाहन मालिक, परिवहनकर्ता और संभावित गंतव्य की कड़ी जोड़ना भी महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल छह हाईवा पुलिस के सुपुर्द किए गए हैं और जिला खनन विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है। अब आगे की जांच और विभागीय कार्रवाई से ही साफ होगा कि जब्त बालू कहां से लाया गया था, कहां भेजा जा रहा था और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका थी।


