आदित्यपुर :यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मृतक के परिजन को सरकारी नियम अनुसार जो भी मुआवजा बनेगा उसे दिलाया जाएगा। उक्त बातें सरायकेला- खरसावां उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कही। उन्होंने बुधवार को जयप्रकाश उद्यान में विसर्जन घाट के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि दुकानदार और मृतक के बीच कुछ मामले को लेकर कहा सुनी हुई और दुकानदार इतना एग्रेसिव हो गए है कि घटना को अंजाम दिया।यह कोई प्रायोजित घटना नहीं है यह घटना आपसी मतभेद का हुआ है। उन्होंने कहा कि विसर्जन के लिए घाट पर लाइट और साफ-सफाई का व्यवस्था समुचित हो इसका निरीक्षण करने पहुंचे हुए है। इस अवसर पर नगर निगम आदित्यपुर के उपायुक्त एजाज अनवर सहित उनकी टीम उपस्थित थे।
विदित हो कि आदित्यपुर में मंगलवार देर रात एक मामूली बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आयडा गेट के सामने स्थित खाऊ गली में वेज रोल को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
पूजा समिति के सदस्यों पर हुआ हमला:
घटना मंगलवार देर रात करीब 1:00 बजे की है. मानगो निवासी शेखर तिर्की आदित्यपुर शिव मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में लाइटिंग का काम करने आया था। रात में वह अपने साथी गोलू के साथ आयडा गेट स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर वेज रोल खाने पहुंचा। ऑर्डर को लेकर दुकानदार और शेखर के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।


