आदित्यपुर/ जमशेदपुर: झारखंड के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को भाजपा द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद के बीच मामले में गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष आनंद के चाचा चंदन सिंह का एक भावुक फेसबुक पोस्ट लोगों को झकझोर कर रख दिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने कठिन समय में राजनीतिक असहयोग और संवेदनहीनता पर गहरा पीड़ा व्यक्त किए है।


चंदन सिंह ने लिखा है कि घटना में उनका भतीजा प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पीसीआर वैन के भीतर और बाहर भी उसके साथ मारपीट की गई। वर्तमान में प्रत्यूष का इलाज कोलकाता स्थित अपोलो अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पोस्ट में चंदन सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में उन्हें उम्मीद थी कि वर्षों से जुड़े संगठन के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी परिवार का हालचाल जानने के लिए आगे आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि किसी बड़े नेता या पदाधिकारी ने फोन कर भी उनके बेटे की स्थिति जानने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाते हुए लिखा कि क्या वर्षों की निष्ठा, समर्पण और संगठन के प्रति किए गए संघर्ष का यही प्रतिफल है। क्या कार्यकर्ता केवल तब तक महत्वपूर्ण होता है, जब तक वह संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम करता रहता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह टिप्पणी किसी राजनीतिक विवाद को जन्म देने के लिए नहीं, बल्कि एक पीड़ित चाचा की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। पोस्ट के अंत में चंदन सिंह ने कहा कि इस समय उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने भतीजा का जीवन बचाना है। उन्होंने ईश्वर से प्रत्यूष के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में ही अपने और परायों की पहचान होती है। इधर, चंदन सिंह की इस भावुक पोस्ट पर सोशल मीडिया में विभिन्न प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
ईचागढ के पूर्व विधायक अरविन्द सिंह उर्फ मलखान सिंह अपोलो अस्पताल कोलकाता जाकर प्रत्युष से मिलकर हाल-चाल जाना और हर तरह से सहयोग करने का भरोसा दिए। वे लगातार परिवार के संपर्क में बने हुए हैं। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि प्रत्यूष शीघ्र स्वास्थ्य होकर घर लौटे। वही, राज्य के पूर्व मंत्री बनना गुप्ता कोलकाता पहुंचकर परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी।


