ग्राम प्रधानों ने विभिन्न समस्याओं एवं व्यवस्थागत सुधारों को लेकर रखे सुझाव, जिला प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन।
सरायकेला : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के अवसर पर आज नगर भवन सभागार, सरायकेला में जिला स्तरीय पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों का अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार , ग्राम प्रधान महासभा के अध्यक्ष सूरज लाल महतो एवं नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष द्वारा उपायुक्त को अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों को मोमेंटो एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
ग्राम प्रधानों ने रखे व्यवस्थागत सुधार एवं सुविधाओं से संबंधित सुझाव
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रखंडों से ग्राम प्रधानों के एक-एक प्रतिनिधि को अपने सुझाव एवं विचार रखने का अवसर प्रदान किया गया। इस क्रम में ग्राम प्रधानों ने ग्राम स्तर पर कार्य करने वाले पारंपरिक व्यवस्था के प्रतिनिधियों को जिला स्तरीय मंच पर सम्मानित करने की पहल के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्राम प्रधानों ने अपने सुझावों में विभिन्न सरकारी कार्यालयों में ग्राम पंचायतों के विकास एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित उनके द्वारा समर्पित आवेदनों पर सम्मानजनक व्यवहार एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात रखी। साथ ही, राजनगर प्रखंड के कुजू, हेरमा एवं जोनमनी ग्राम पंचायत समेत डूब क्षेत्र में स्थित वैसे गांवों के ग्राम प्रधानों को भी सम्मान राशि उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, जो वर्तमान में इससे वंचित हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम प्रधानों के लिए कार्यालय की व्यवस्था तथा उनके कार्यों के निर्वहन के दौरान सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
पारंपरिक ग्राम व्यवस्था झारखंड की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा : जिला परिषद अध्यक्ष
अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों को जिला स्तरीय मंच प्रदान कर सम्मानित करना जिला प्रशासन की सराहनीय पहल है। झारखंड की पहचान केवल जल, जंगल और जमीन तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक व्यवस्थाएं एवं ग्रामीण सुशासन प्रणाली भी राज्य की विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक ग्रामीण सुशासन व्यवस्था सरकार एवं ग्रामीण जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती है। ग्राम प्रधान ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने विभिन्न अंचलों से आए ग्राम प्रधानों द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर प्रशासन से आवश्यक पहल करने तथा उन्हें उचित सम्मान एवं स्थान प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ग्राम व्यवस्था को सुदृढ़ एवं संरक्षित करने तथा इसके प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करने से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। साथ ही, इससे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
ग्राम प्रधानों के सुझावों पर विभागीय संकल्प के आलोक में होगी कार्रवाई : उपायुक्त
अपने संबोधन में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि विगत 15 नवंबर 2026 से राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके पूर्व ग्राम पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर मानकी-मुंडा को सम्मानित किया गया है। इसी क्रम में आज जिला स्तर पर पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा भी स्थापना दिवस के अवसर पर विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं ग्राम स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में ग्राम प्रधानों का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से भविष्य में भी इसी प्रकार सकारात्मक सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास एवं आपसी समन्वय से विकास कार्यों को गति प्रदान की जा सकती है। ग्राम प्रधानों द्वारा प्रस्तुत सुझावों के संबंध में उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्राप्त सुझावों पर संबंधित विभागीय संकल्प एवं प्रावधानों के आलोक में आवश्यक निर्णय लेते हुए कार्रवाई की जाएगी। जिन विषयों पर जिला प्रशासन के स्तर से निर्णय लिया जाना संभव नहीं है, उन्हें राज्य स्तरीय पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के संज्ञान में लाया जाएगा, ताकि नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिया जा सके।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति प्रदान करना, क्षेत्रीय समस्याओं का निराकरण करना तथा समाज में आपसी समन्वय एवं सद्भाव स्थापित करना प्रशासन एवं पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के प्रतिनिधियों का साझा उद्देश्य होना चाहिए। ग्राम प्रधानों के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रावधानों एवं कानूनी व्यवस्थाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि संबंधित प्रावधानों के पारित एवं लागू होने के पश्चात ग्राम प्रधानों को उनका शत-प्रतिशत लाभ एवं अधिकार मिले, इसके लिए प्रशासन आवश्यक पहल कर रहा है।
उपायुक्त ने ग्राम प्रधानों से अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक व्यवस्था एवं परंपराओं को संरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने एवं उसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।कार्यक्रम में विभिन्न अंचलों के अंचल अधिकारी, अवर निबंधक सरायकेला घासीराम पिंगुवा, आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम, जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहें।


