विशेष स्वच्छता अभियान, हाथ धुलाई प्रदर्शन एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से दिया गया स्वच्छता का संदेश
सरायकेला: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के तहत आज दिनांक 20 नवंबर 2026 को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनवाड़ी दिवस मनाया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष स्वच्छता अभियान सहित स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न केंद्रों पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं (LS) उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। केंद्र परिसर की साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय की स्वच्छता सुनिश्चित करने से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही हाथ धुलाई की सही प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली निर्माण एवं स्वच्छता संबंधी संदेश लेखन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

वहीं, जिला एवं प्रखंड स्तर पर आंगनवाड़ी केंद्रों का स्वच्छता निरीक्षण करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ केंद्र का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त प्रखंड स्तर पर स्वच्छ आंगनवाड़ी प्रतियोगिता आयोजित की गई। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए गए।कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने तथा बच्चों, माताओं एवं स्थानीय समुदाय को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।


