आदित्यपुर : श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी, प्रवीण सिंह सेवा संस्थान (मलखान सिंह) की ओर से आदित्यपुर-1 एम-टाइप में निर्मित भव्य और कलात्मक दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन 11 अक्टूबर को शाम 6:00 बजे किया जाएगा। बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के द्वारा उद्घाटन किया जाएग।

इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों के उपस्थित रहने की संभावना है। पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए पंडाल को एक विशिष्ट और धार्मिक स्वरूप प्रदान किया गया है. पश्चिम बंगाल से आए कुशल कारीगरों द्वारा पहाड़ी गुफा में प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिव मंदिर के प्रारूप पर इस पूरे पंडाल का निर्माण कराया गया है।

उन्होंने बताया कि पंडाल की बनावट, बाहरी नक्काशी और आंतरिक कलात्मक प्रस्तुति इस बार पूजा का मुख्य केंद्र रहेगी। दूर-दराज से आने वाले भक्तों और दर्शकों को आकर्षित करने के लिए विद्युत सज्जा और कलाकृतियों का विशेष संयोजन किया गया है, जो श्रद्धालुओं को एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगा।


