आदित्यपुर : बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री और उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि श्रेयसी सिंह ने रविवार को श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी, प्रवीण सिंह सेवा संस्थान (मलखान सिंह) की ओर से आदित्यपुर-1 एम-टाइप मैदान में निर्मित भव्य और कलात्मक दुर्गा पूजा पंडाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्रेयसी सिंह ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना या सच्ची पूजा तभी होगी जब यहां उपस्थित लोग अपने-अपने घर में बेटी ,पत्नी और मां को सम्मान करेंगे और उसे आगे बढ़ने में सहयोग करेंगे।

इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा, जिला परिषद के सदस्य डॉक्टर कविता परमार, जिला परिषद के अध्यक्ष बारी मुर्मू सहित अन्य वक्ताओं ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
उद्घाटन समारोह में संस्कृति कार्यक्रम और आतिशबाजी का आयोजन :
उद्घाटन समारोह में बाल कलाकारों से लेकर अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उद्घाटन समारोह में भालू नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, जमकर आतिशबाजी भी की गई।

इस अवसर पर पूजा कमिटी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए पंडाल को एक विशिष्ट और धार्मिक स्वरूप प्रदान किया गया है. पश्चिम बंगाल से आए कुशल कारीगरों द्वारा पहाड़ी गुफा में प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिव मंदिर के प्रारूप पर इस पूरे पंडाल का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि पंडाल की बनावट, बाहरी नक्काशी और आंतरिक कलात्मक प्रस्तुति इस बार पूजा का मुख्य केंद्र रहेगी। दूर-दराज से आने वाले भक्तों और दर्शकों को आकर्षित करने के लिए विद्युत सज्जा और कलाकृतियों का विशेष संयोजन किया गया है, जो श्रद्धालुओं को एक अनूठा आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगा।


