आदित्यपुर। आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण वार्ड संख्या-28 स्थित रोड नंबर-7 के छठ घाट के समीप कचरे की डंपिंग किए जाने से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के समक्ष गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। निगम प्रशासन ने छठ घाट जाने वाले मुख्य रास्ते पर ही कचरे का अंबार लगा दिया है, जिससे हजारों श्रद्धालुओं के आवागमन का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इसी रास्ते से प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में छठ व्रती एवं श्रद्धालु नदी घाट तक पहुंचते हैं। रास्ते पर कचरे का पहाड़ खड़ा कर दिए जाने से जहां आवागमन बाधित हो गया है, वहीं कचरे से निकलने वाली असहनीय दुर्गंध के कारण पूरे क्षेत्र में प्रदूषण एवं घुटन की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में छठ जैसे पवित्र एवं आस्था के महापर्व से ठीक पहले निगम प्रशासन की यह कार्यशैली अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है।आज भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर छठ घाट की बदहाल स्थिति का निरीक्षण किया तथा निगम प्रशासन की इस घोर लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रद्धा, स्वच्छता और पवित्रता के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं को इस तरह की अव्यवस्था के बीच छोड़ना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि छठ घाट जाने वाले रास्ते से तत्काल समस्त कचरा हटाया जाए, रास्ते को पूरी तरह आवागमन योग्य बनाया जाए तथा पूरे क्षेत्र में युद्धस्तर पर साफ-सफाई एवं दुर्गंध से निजात दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से उपस्थित थे: भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला मंत्री सतीश शर्मा, ललन शुक्ला, प्रदेश युवा मोर्चा कार्यसमिति सदस्य विनय कृष्ण राजू सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विनय कंचन, मिंटू पांडे, रमेश शर्मा, आनंद मिश्रा, दिनेश शाह, मंत्री सुनील तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, मृत्युंजय मिश्रा, पिंकू झा, बिट्टू परिया एवं सुरेंद्र प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता।
Trending Now


