जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आगामी चुनाव में एक नया चेहरा सामने उभर कर आया है, जो सामाजिक और व्यवसाय जगत के जाने-माने चेहरा है। खास तौर से चार्टर एकाउंटेंट के क्षेत्र में शहर में ख्याति प्राप्त चेहरा में से एक नाम सीए विवेक चौधरी का है, जिन्होंने अपने मृदुभाषी और कुशल व्यवहार से शहर में मारवाड़ी समाज ही नहीं अन्य वर्गों में भी अपनी एक अलग छाप छोड़ है, इसलिए पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आगामी चुनाव में अध्यक्ष पद पर इनकी प्रबल दावेदारी से चुनाव में एक नया मोड़ आ गया है। विवेक चौधरी पिछले 20 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र और विभिन्न संगठनों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। वे आईसीएआई, जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष, लायंस क्लब के जिला गवर्नर, तथा कई अन्य सामाजिक एवं प्रोफ़ेशनल संस्थाओं में महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी अतुलनीय नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुके हैं।
विवेक चौधरी ने पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आगामी चुनाव में अध्यक्ष पद हेतु नामांकन पत्र मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार देबुका के कार्यालय में रविवार को दाखिल किया। विवेक चौधरी के नामांकन दाखिल करने के दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक उपस्थित थे। सभी समर्थकों ने एक स्वर में उनके प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। यह चुनाव अब 14 दिसंबर 2025 को होने जा रहा है। विवेक चौधरी ने केवल आज नामांकन पत्र प्राप्त किया बल्कि उसी समय उसे भरकर जमा भी कर दिया और इस प्रकार वे सबसे पहले नामांकन भरने वाले उम्मीदवार बने।
नामांकन दाखिल करने के पश्चात विवेक चौधरी ने प्रेस और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जमशेदपुर के मारवाड़ी समाज के उत्थान, एकता और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने वर्तमान समय में मारवाड़ी समाज के लिए आवश्यक कई महत्वपूर्ण विचार साझा किए और समाज को नई दिशा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मारवाड़ी समाज, जमशेदपुर के लिए एक नए विद्यालय के निर्माण का संकल्प भी व्यक्त किया, जो समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।


