Monday, November 23, 2026
No menu items!
Homeखास खबरझारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां पंचतत्व में विलिन ;...

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां पंचतत्व में विलिन ; राजनीतिक, सामाजिक और औद्योगिक जगत के गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि; राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने फोन कर जताया शोक

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की माताजी का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से मुंडा परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सोमवार को जमशेदपुर के स्वर्णरेखा श्मशान घाट में गमगीन माहौल के बीच उनके शव पंचतत्व में विलीन हो गया। इस दौरान राज्यभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्योगपतियों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।


उनके माताजी के निधन पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दूरभाष पर अर्जुन मुंडा से बातचीत कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
अर्जुन मुंडा का अपनी मां से गहरा भावनात्मक लगाव था। उनके जीवन में माताजी का स्नेह, आशीर्वाद और संस्कार हमेशा प्रेरणा का आधार रहे। सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बावजूद मां के प्रति उनका सम्मान और आत्मीय संबंध सदैव बना रहा। 93 वर्षों की जीवनयात्रा पूरी कर उनके दुनिया से विदा होने को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
राजनीतिक जगत की प्रमुख हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं चंपई सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, सांसद विद्युत वरण महतो एवं कालीचरण मुंडा, पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, कृष्णा मार्डी, रविंद्र राय,ईचागढ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह एवं गीता कोड़ा सहित अनेक प्रमुख नेता शामिल हुए।
विधायकों में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इनके अलावा पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, बड़कुंवर गागराई, दुलाल भुइयां, रामचंद्र सहिस, गोपाल कृष्ण पातर, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, लक्ष्मण टुडू, गुरुचरण नायक, शिवशंकर उरांव एवं कुणाल षाड़ंगी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भाजपा संगठन और औद्योगिक जगत की रही भागीदारी
भाजपा के संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, ग्रामीण अध्यक्ष सत्य तिवारी, चाईबासा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू तथा सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान समेत पार्टी के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी।
औद्योगिक एवं व्यावसायिक जगत से टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीवी सुंदररमण, टाटा मोटर्स के एचआर हेड प्रणव कुमार, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह, अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, श्रमिक नेता राकेश्वर पांडेय तथा विभिन्न उद्योगों से जुड़े उद्यमियों ने भी अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके अलावा भारत मुंडा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एतवा मुंडा, ओडिशा से पहुंचे रविंद्र सिंह मुंडा एवं नाथो सिंह मुंडा, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जेबी तुबिद, चिकित्सक डॉ. एसके पाल और झामुमो जमशेदपुर जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त किया।
अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने अर्जुन मुंडा एवं उनके परिजनों को सांत्वना दी। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। मां के स्नेह, त्याग, संस्कार और आशीर्वाद को याद करते हुए लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

ABOUT EDITOR IN CHIEF

Lb Shastri
मुख्य संपादक सह प्रोपराइटर पूर्व पत्रकार, प्रभात खबर और दैनिक भास्कर, जमशेदपुर

Most Popular

Recent Comments