आदित्यपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समर्थित हिंदूवादी संगठनों द्वारा शुक्रवार को हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए आदित्यपुर-जमशेदपुर बंद का सुबह से व्यापक असर देखने को मिला। बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर उतरे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास और सावन गुप्ता सहित कई स्थानीय भाजपा नेता शामिल हैं।
इधर, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। एसपी ने कहा कि लोगों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप बंद समर्थक एकत्र होकर टायर जलाकर और भारी वाहनों को बीच सड़क पर भारी वाहनों को खड़ी कर टाटा- कांडा मुख्य सड़क को जामकर दिया। साथ ही हिमांशु सिंह के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और फांसी देने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने यातायात बाधित कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आदित्यपुर थाना ले गई।


