Tuesday, June 2, 2026
No menu items!
Homeखास खबरतंबाकू निषेध एवं नियंत्रण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता रथ को...

तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता रथ को उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी

तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाएं, स्वयं स्वस्थ रहें और समाज को भी जागरूक करें : उपायुक्त

सरायकेला : जिले में संचालित तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण संबंधी जनजागरूकता अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसामान्य तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह द्वारा आज समाहरणालय परिसर, सरायकेला से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह रथ आगामी एक माह तक जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों, तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी देगा।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है तथा इससे कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अनेक गंभीर एवं जानलेवा रोग उत्पन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

उपायुक्त ने कहा कि आगामी एक माह तक संचालित होने वाले इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, प्रचार-प्रसार गतिविधियों तथा सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन से व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी तथा तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा वर्ग विभिन्न सामाजिक कारणों, साथियों के प्रभाव तथा जिज्ञासावश तंबाकू सेवन की ओर आकर्षित हो जाता है, जिसके दुष्परिणाम उनके स्वास्थ्य एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने सभी नागरिकों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने, तंबाकू नियंत्रण संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अपने परिवार एवं समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त परिवार, तंबाकू मुक्त समाज और तंबाकू मुक्त राज्य का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता एवं सामाजिक जिम्मेदारी आवश्यक है। यदि हम अपने घर, परिवार और आसपास के वातावरण को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लें, तो एक स्वस्थ, जागरूक और समृद्ध समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के पदाधिकारी एवं कर्मी, एनडीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

ABOUT EDITOR IN CHIEF

Lb Shastri
मुख्य संपादक सह प्रोपराइटर पूर्व पत्रकार, प्रभात खबर और दैनिक भास्कर, जमशेदपुर

Most Popular

Recent Comments