सरायकेला : जिले के पत्रकारों को सामाजिक कल्याण योजना से जोड़ कर लाभ पहुंचाने की जिला प्रशासन योजना बना रही है। उक्त बातें जिले के डीसी रविशंकर शुक्ला ने कही। वे सरायकेला खरसावां जिला जनसंपर्क विभाग की ओर से शनिवार को जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित प्रेस सम्मेलन में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में त्रुटि संबंधित खबरें मीडिया में प्रमुखता से आने के बाद जिला प्रशासन को भी इसकी जानकारी होती है। लिहाजा मीडिया फीडबैक सरकारी योजनाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड और आंचलिक पत्रकारों को किस प्रकार सहायता मिले इस पर जिला प्रशासन योजना बना रही है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि मीडिया में प्रकाशित हुई खबरों को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करने मे सहयोग मिलती है। इसलिए मीडिया अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए हर खबर को प्रकाशित करें। मीडिया देश का चौथा स्तंभ है जिन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में आलोचना करने का स्वतंत्रता मिली हैं। उन्होंने कहा मीडिया हमारे लिए आंख- कान का भी काम करते हैं। मीडिया समाज का आईना है। इस अवसर पर डीसी रवि शंकर शुक्ला, एसपी मुकेश लुनायत सहित जिले के तमाम पदाधिकारी और पत्रकार मौजूद थे।
Trending Now









