जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का चुनाव 13 सितंबर 2025 को होगा। वर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका का कार्यकाल समाप्त होने पर यह चुनाव होने जा रहा है। इस चुनाव के बाद नई कमेटी का गठन किया जाएगा, जो आगामी कार्यकाल के लिए चैंबर के विभिन्न पदों की जिम्मेदारी संभालेगी। चुनाव की आधिकारिक प्रक्रिया की घोषणा गुरुवार को की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्याशियों की सूची, नामांकन की तारीखें और मतदान की रूपरेखा भी सार्वजनिक की जाएगी। बताया जा रहा है कि मौजूदा अध्यक्ष विजय आनंद मूनका गुट से मानव केडिया, जो वर्तमान में मानद महासचिव के पद पर हैं, अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार हो सकते हैं। वहीं दूसरी ओर, विपक्षी खेमा भी अपनी रणनीति बनाने में जुट गया है। सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष की ओर से भी कई दिग्गज कारोबारी नेताओं के नाम अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में हैं। हालांकि, आधिकारिक रूप से अब तक किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। चुनाव को लेकर चैंबर के भीतर हलचल तेज हो गई है। विभिन्न गुट अपने-अपने समर्थकों को संगठित करने और आगामी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। सदस्यों के बीच भी इस बार के चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में 13 सितंबर का चुनाव रोचक और कड़ा मुकाबला पेश कर सकता है। चैंबर में इस बार 24 सौ सदस्य मतदान का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया की घोषणा गुरुवार को की जाएगी।
Trending Now









