जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का 74वां वार्षिक आमसभा 13 सितंबर को आयोजन करने का निर्णय लेने के साथ ही चैंबर का चुनाव की घोषणा हो गई है। जैसे- जैसे चुनावी तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो रही है। पक्ष-विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका का कार्यकाल पूरा होने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। मूनका गुट से निवर्तमान महासचिव मानव केडिया को अध्यक्ष पद का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। विपक्षी खेमा भी अपने प्रत्याशी के चयन को लेकर सक्रिय है और समर्थकों के साथ लगातार बैठक कर रहा है। हालांकि विपक्षी खेमा ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। लेकिन चैंबर के पूर्व सचिव सत्यनारायण अग्रवाल उर्फ मुन्ना अग्रवाल को विपक्ष का अध्यक्ष पद का उम्मीदवार हो सकते है। उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में रिमोट ई-वोटिंग के मामले को लेकर कई तरह के विवाद हुए थे और वोटिंग में भ्रष्टाचार का आरोप लगे थे। इस बार भी चुनाव से पहले ही रिमोट ई-वोटिंग का मामला तूल पकड़ रहा है। इसको लेकर पूर्व सचिव सत्यनारायण अग्रवाल ने सत्तापक्ष से रिमोट ई-वोटिंग में सुधार करने की मांग रखे है। लेकिन अभी तक सत्ता पक्ष कोई सकारात्मक पहल नहीं किया है। इसको लेकर विपक्ष में आक्रोश व्याप्त है। साथ ही विपक्ष का कहना है कि रिमोट ई-वोटिंग में संशोधन या सुधर नहीं होगा तो चुनाव में धांधली होगी। इधर, रिमोट ई-वोटिंग के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चैबर के पूर्व सचिव सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि रिमोट ई-वोटिंग में अगर संशोधन या सुधार नहीं हुआ तो चुनाव में रिमोट ई-वोटिंग के माध्यम से वोटो की लूट होगी। उन्होंने सत्ता पक्ष पर आरोप लगाया है कि सीडीएसएल एजेंसी से सेटिंग करके अपने ई- मेल आईडी पर ओटीपी मंगवाते हैं और एक-एक आईडी से दो-दो वोट कराते हैं और चुनाव में धांधली करके चुनाव जीतते आ रहे हैं। लेकिन इस बार के चुनाव में धांधली नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि एक ही पेशा से जुड़े लोगो को चुनाव पदाधिकारी होंगे तो चुनाव निष्पक्ष नहीं होगा, इसलिए चुनाव टीम के पदाधिकारी में सभी वर्ग के लोगों को शामिल किया जाए ।
व्यापारियों और उद्यमियों के हाथ से निकल रहा है चैंबर
विपक्ष टीम का कहना है कि कोल्हान प्रमंडल के सबसे पुरानी व्यापारी एवं उद्यमियों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स में अब पेशेवरों का राज होगा। चुनाव की घोषणा हो चुकी है । सत्ता पक्ष के अध्यक्ष के उम्मीदवार अधिवक्ता मानव केडिया होंगे जो कि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कई संस्थाओं के चुनाव पदाधिकारी रहे मुरलीधर केडिया के पुत्र हैं । इनके साथ टीम में पेशेवर अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अंशुल रिंगसिया एवं इनके चाचा सी ए अनिल रिंगसिया भी होंगे । सत्ता पक्ष ने घोषणा की है कि पुरानी ही टीम रहेगी केवल अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उद्योग में नये चेहरे आयेंगे ।
सुरेश सोंथालिया गुट ने पिछले चुनाव में वोट चोरी करने का लगाया था आरोप :
चेंबर के पूर्व अध्यक्ष शहर के जाने-माने व्यापारी सुरेश संथालिया ने पिछले चुनाव में सत्ता पक्ष पर वोट चोरी करने का आरोप लगाया था इस बार भी चेंबर के पूर्व सचिव सत्यनारायण अग्रवाल के मांग को सही ठहराते हुए कहा कि जो वाजिद मांग है उसे सत्ता पक्ष को मनाना चाहिए और रिमोट ई-वोटिंग में संशोधन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पक्ष हो या विपक्ष हो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है जो टीम सत्य और सही के लिए काम करेगी उसके साथ रहेंगे।
इधर, कुछ व्यापारियों का कहना है कि GST जबसे लागू हुआ है तबसे सभी व्यापारियों का ई मेल इनके पेशेवरों के पास रहता है ताकि GST की कार्रवाई की जा सके । पेशेवरों का व्यापारियों की संस्था में क़ब्ज़ा लाज़मी है क्योंकि व्यापारी ही इनके ग्राहक हैं ।
रिमोट ई-वोटिंग पेशेवरों के लिए वरदान साबित हो रहा क्योंकि ई वोटिंग में वोट के लिए सदस्यों के ईमेल में पासवर्ड जाता है और लगभग सभी छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों का ईमेल उनके GST के रोजमर्रा का कार्य करने वाले पेशेवरों के पास रहता है। इसलिए चुनाव टीम में पेशवारों को चुनाव प्राधिकारी बनाया जाएगा तो चुनाव निष्पक्ष नहीं हो सकता है। इसके मद्देनजर चैंबर के पूर्व सचिव सत्यनारायण अग्रवाल ने एक पत्र के माध्यम से चेंबर के अध्यक्ष एवं महासचिव से माँग की है कि चुनाव पदाधिकारियों की टीम में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए ताकि चुनाव निष्पक्ष हो सके।
ये बनाए गए है चुनाव पदाधिकारी:
आर के झुनझुनवाला, अधिवक्ता पीएस सेन, एसएन खंडेलवाल, राजेश मित्तल को चुनाव पदाधिकारी बनाया गया है। पर्यवेक्षक सीए पीएन संगारी और सीएस शीतल स्वाइ को नियुक्त किया गया है।
चुनाव प्रोग्राम एक नजर में :
* नामांकन फॉर्म वितरण: 28 अगस्त से नामांकन जमा 30 व 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक।
* नामांकन पत्रों की जांच 2 सितंबर को शाम 7 बजे।
* उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन : 2 सितंबर को रात 9 बजे।
* नामांकन वापसी 3 सितंबर को शाम 7 बजे तक। उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन : 3 सितंबर को रात 9 बजे ।
* रिमोट ई-वोटिंग 10 सितंबर को सुबह 10 बजे से 12 सितंबर को शाम 5 बजे तक।
* 74वीं वार्षिक आमसभा 13 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से।
मतदान 13 सितंबर को सुबह 11.30 बजे से शाम 5 बजे तक।
* मतगणना : 13 सितंबर को शाम 5 बजे से।


