आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना अंतर्गत आदित्यपुर – एक पान दुकान चौक स्थित रोड नंबर छह निवासी संजय कुमार मोदी के घर से हुए लाखों की चोरी कांड का एसपी मुकेश लुनायत ने सरायकेला मुख्यालय में रविवार को संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि कांड में शामिल शातिर पांच चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और उसके पास से चोरी गया सोना, चांदी, नगद और कार बरामद किया गया हैं.विदित हो कि घटना 8 जुलाई का है जब आदित्यपुर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 6 निवासी संजय कुमार मोदी के घर का ताला तोड़कर 20 हजार रुपये नकद, 30 ग्राम सोने के आभूषण, 522 ग्राम चांदी के आभूषण और सिक्के तथा मारुति आल्टो कार चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. चोरी गए सामानों की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये थी.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई. गिरफ्तार अपराधियों में संजय गोराई उर्फ कैलाश, जावेद अंसारी उर्फ लालटू, रोहित कर्मकार उर्फ सिफुल लोहार, कुश कुमार सोनी और पंकज कुमार वर्मा शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से गलाया हुआ सोना 35.25 ग्राम (कीमत 3.75 लाख रुपये), चांदी के सिक्के व आभूषण 268.91 ग्राम (कीमत 33 हजार रुपये), 8 हजार रुपये नकद और चोरी गई मारुति आल्टो कार बरामद की है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह, राहुल कुमार, विनोद टुडू, विपुल कुमार ओझा, सुधांशु कुमार, रविकांत पराशर, सुरेश राम, राजेश कुमार, नितीश कुमार पांडेय, शिव शंकर दास, देवदास महतो, राघवेंद्र कुमार सिंह, मनोजित कुमार हेम्ब्रम, चालक आरक्षी सोवन हांसदा और सशस्त्र बल शामिल थे.









